रायपुर। शहर में देर रात तक चल रही पार्टियों और नियमों की अनदेखी पर रायपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक के बाद एक क्लबों में छापेमारी की। सोमवार रात शहर के नामी क्लब IP क्लब और एल्सवेयर क्लब में पुलिस ने दबिश दी, जहां देर रात तक शराब परोसी जा रही थी और युवा नशे की हालत में पार्टी करते पाए गए।
क्लबों को तय समय सीमा के बाद भी खुला रखने और शराब परोसने को लेकर पुलिस ने संचालकों को कड़ी फटकार लगाई। इस कार्रवाई में नया रायपुर के एएसपी विवेक शुक्ला खुद मौजूद थे। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, शहर की कानून व्यवस्था पर एक और बड़ा सवाल तब खड़ा हो गया जब 13 अप्रैल की रात आज़ाद चौक थाने से मात्र 100 मीटर दूर एक युवक पर जानलेवा हमला हो गया। बताया जा रहा है कि शीतला मंदिर के पीछे कुंदन कुमार नामक युवक पर बदमाशों के एक ग्रुप ने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवक पर वार करते दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि आज़ाद चौक थाने के पास अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसकी कई बार शिकायतें भी की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस की रेड और हमले की इन घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

