हरियाणा के भिवानी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड जैसी एक और वारदात घटित हुई। भिवानी के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में रहने वाले 35 वर्षीय प्रवीण की हत्या उसकी पत्नी रवीना और उसके यूट्यूबर प्रेमी सुरेश ने मिलकर की। प्रवीण की शादी रेवाड़ी निवासी रवीना (32) से हुई थी और उनका छह साल का बेटा मुकुल भी है।
जानकारी के अनुसार, रवीना और सुरेश की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों साथ में शॉर्ट वीडियो बनाते थे और पिछले डेढ़ साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। हत्या वाले दिन यानी 25 मार्च को प्रवीण ने रवीना और सुरेश को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था, जिसके बाद बहस हुई और रवीना व सुरेश ने मिलकर चुन्नी से उसका गला घोंट दिया।
हत्या के बाद रवीना ने सामान्य व्यवहार बनाए रखा और रात ढाई बजे शव को बाइक पर रखकर दिनोद रोड की ड्रेन में फेंक दिया गया। 28 मार्च को प्रवीण का शव सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ।
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में रवीना और सुरेश को बाइक पर शव ले जाते हुए देखा गया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
रवीना को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, वहीं आरोपी सुरेश को भी पुलिस रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया है। इस वारदात ने छह वर्षीय मुकुल से न केवल पिता का साया, बल्कि मां का प्यार भी छीन लिया। अब वह अपने दादा और चाचा के साथ रह रहा है।

