रायपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में आज 15 अप्रैल को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा, और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
बीते 24 घंटों में दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाएं दर्ज की गई हैं। सरगुजा जिले में सबसे कम जबकि बीजापुर में सबसे ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है। राजनांदगांव में सोमवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 39°C रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8°C पेंड्रारोड में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में फिलहाल तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन आगामी दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 38.6°C और न्यूनतम 22.18°C रहने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ की जलवायु सामान्यतः उष्णकटिबंधीय है, परंतु अप्रैल-मई में तीव्र गर्मी पड़ती है, जब पारा 49°C तक पहुंच सकता है। मौसम में नमी और बादलों की मौजूदगी से फिलहाल थोड़ी राहत महसूस की जा रही है।

