कोरबा. शहर में सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे मानिकपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मुड़ापार और गुरुघासीदास चौक के पास कई लोगों को ठोकर मारा। इससे 6 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्कार्पियो चालक रिकांडो रोड की ओर से वाहन को तेज रफ्तार में चलाते हुए भाग निकला था। स्कार्पियो में चालक समेत 4 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने स्कार्पियो को पकड़ने शहर में नाकेबंदी कर दी। इसके चलते स्कार्पियो चालक मुख्य मार्ग के बजाए अंदर के रास्ते से बालको की ओर भाग रहे थे। इसके लिए उन्होंने वीआईपी रोड पर इंदिरा चौक से अंदर पथर्रीपारा का रास्ता चुना, लेकिन पथर्रीपारा पहुंचने के बाद वे भटक गए। दूसरी ओर स्कार्पियो का एक चक्का पंचर होते हुए भी तेज रफ्तार में वाहन को इधर-उधर होते देख लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद लोगों ने वाहन को एक जगह घेर लिया। इतने में उसमें सवार 3 युवक भाग निकले, जबकि स्कार्पियो चला रहे युवक को लोगों ने पकड़कर रामपुर पुलिस के सुपुर्द किया। उक्त युवक नशे में था और खुद को बालको कर्मी बता रहा था। पुलिस उसे पकड़कर रामपुर चौकी ले गई, जहां पूछताछ में उक्त युवक ने चारों साथी के शराब पीकर मानिकपुर से बालको लौटते समय हादसा होना स्वीकार कर लिया।

