रायगढ़, 18 अप्रैल। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश मंत्री पद के चुनाव में रायगढ़ से व्यापारी एकता पैनल के उम्मीदवार शक्ति अग्रवाल ने जोरदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी जय व्यापार पैनल के भरत लाल वचेला को 273 वोटों के अंतर से हराकर प्रदेश मंत्री पद पर कब्जा जमाया।
इस चुनाव में शक्ति अग्रवाल को कुल 653 मत प्राप्त हुए, वहीं भरत लाल वचेला को 380 वोट मिले। यह जीत केवल एक चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि व्यापारी समुदाय में शक्ति अग्रवाल की लोकप्रियता और उनके संगठन की मजबूती का प्रतीक मानी जा रही है।
व्यापारी एकता पैनल की इस सफलता को व्यापारियों के बीच उनके निरंतर प्रयासों, संगठनात्मक कार्यशैली और व्यापारी हितों की प्रभावी पैरवी का परिणाम माना जा रहा है। चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और जगह-जगह मिठाइयाँ बाँटी गईं।
शक्ति अग्रवाल ने जीत के बाद सभी मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि वे व्यापारी वर्ग के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।

