रायपुर: उरला थाना क्षेत्र के नागेश्वर नगर में शुक्रवार सुबह एक ह्रदय विदारक घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय प्रदीप देवांगन ने महज 200 रुपये के लिए अपनी 70 वर्षीय मां, गणेशी देवांगन की हत्या कर दी। प्रदीप, जो कि ई-रिक्शा चालक है, ने अपनी मां से जर्मन शेफर्ड कुत्ता खरीदने के लिए पैसे मांगे, लेकिन जब मां ने इनकार किया, तो आरोपी ने आपा खो दिया और घर में रखे हथौड़े से उन पर वार कर दिया।
इस घटना में प्रदीप की पत्नी, रामेश्वरी देवांगन (35), भी घायल हो गईं, जब उन्होंने अपने पति को रोकने की कोशिश की। उनके 15 वर्षीय बेटे ने किसी तरह बीच-बचाव किया और जल्दी से पड़ोसियों को सूचना देने के लिए भागा। जब तक लोग पहुंचे, प्रदीप वहां से फरार हो चुका था।
गंभीर अवस्था में घायल मां को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रामेश्वरी की हालत फिलहाल स्थिर है और वह बातचीत करने की स्थिति में हैं।
प्रदूषण के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कोशिश कर रही है। उरला थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला है, और पुलिस आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।

