कुरुद। शैक्षणिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में कुरुद विधानसभा के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विधायक अजय चंद्राकर के विशेष प्रयासों से कुरुद क्षेत्र की 31 शासकीय स्कूलों में मरम्मत, जीर्णोद्धार और आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए ₹92.53 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। यह कदम न केवल स्कूल भवनों की स्थिति को बेहतर बनाएगा, बल्कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक शिक्षण वातावरण भी प्रदान करेगा।
इस परियोजना में भवन मरम्मत, छत की मरम्मत, शौचालय निर्माण, फर्श, खिड़की-दरवाजे और नल की मरम्मत जैसे आवश्यक कार्य शामिल हैं। लोक शिक्षण संचालनालय अटल नगर रायपुर द्वारा प्राप्त बजटीय आवंटन के तहत, जिला कलेक्टर कार्यालय (शिक्षा) धमतरी ने संबंधित स्वीकृति आदेश जारी किए हैं। शाला प्रबंधन समितियों को निर्माण एजेंसी के रूप में नियुक्त किया गया है और विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कुरुद को कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुछ प्रमुख कार्य:
- रामपुर की शासकीय नवीन प्राथमिक शाला में भवन जीर्णोद्धार के लिए ₹8.63 लाख और शौचालय मरम्मत के लिए ₹2.68 लाख की मंजूरी दी गई है।
- गातापार के उच्च माध्यमिक विद्यालय में ₹7.73 लाख की लागत से भवन व शौचालय की मरम्मत की जाएगी।
- भुसरेंगा, मरौद, बेलौदी और अन्य ग्रामों के स्कूलों में फर्श, खिड़की-दरवाजा, नल और शौचालय की सुविधाएं बेहतर की जाएंगी।
इस योजना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया है। उनका मानना है कि ये कार्य लंबे समय से लंबित थे और अब उन्हें गति मिल रही है। कई विद्यालय वर्षों से जर्जर अवस्था में थे, जहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। यह स्वीकृति इन सभी समस्याओं को दूर करने की दिशा में ठोस पहल है।
विधायक अजय चंद्राकर द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह प्रयास विकास की दिशा में एक प्रभावशाली और दूरगामी कदम है, जो न केवल वर्तमान विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार करेगा।

