सूरजपुर, छत्तीसगढ़। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है जिसमें ग्रामीणों से भरी एक तेज़ रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा पलमा गांव के पास देर रात हुआ, जब चौथिया कार्यक्रम से लौट रहे 25 ग्रामीण सवार पिकअप वाहन नकटी नाला के पास पुल से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 2 बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा लटोरी चौकी क्षेत्र के ग्राम भंडारपारा के निवासी तलिंदर राजवाड़े की बेटी की शादी के बाद आयोजित चौथिया कार्यक्रम से लौटते समय हुआ। सभी ग्रामीण बिलासपुर के ओड़गी ब्लॉक से वापसी कर रहे थे।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृत बच्चों की पहचान दिगंबर राजवाड़े (12) और पुन्नू चेरवा (13) के रूप में हुई है। सिर और सीने में गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर भटगांव स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस भीषण हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह हादसा एक बार फिर से तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग की घातक सच्चाई को उजागर करता है। ग्रामीण परिवहन व्यवस्था की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

