शिवरीनारायण. महिला को प्रसव पीड़ा हुई तो गांव की मितानिन ने उसे अस्पताल ले जाने के लिए डायल 112 को सूचना दी। महिला को लेकर अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही महिला को तेज दर्द हुआ तो मितानिन ने एंबुलेंस में ही उसका प्रसव कराया। दुरपा की महिला राजेश्वरी केंवट पति किशुन केंवट 26 वर्ष को प्रसव पीड़ा हो रही थी। उसके घर के लोगों ने गांव की मितानिन धनेश्वरी बंजारे को बुलाया था। धनेश्वरी ने 112 को सूचना दी। जिस पर 112 की टीम आरक्षक दिनेश कुमार चौहान, आरक्षक कुलदीप खूंटे व चालक दिवाकर शर्मा मौके पर दुरपा पहुंची। महिला के साथ उसके परिजन और मितानिन को 112 में बैठा कर ले जा रहे थे। तभी रास्ते में महिला को प्रसव पीड़ा बहुत जोरों से होने लगी, तो मुड़पार के पास मितानिन एवं उनके परिजनों द्वारा महिला का प्रसव कराया गया। राजेश्वरी ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ थे, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केरा अस्पताल में जाकर भर्ती कराया गया।

