राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। बीते 24 घंटे में यहां कोरोना से दो लोगों की मौत हुई — एक 5 माह का नवजात और एक 87 वर्षीय बुजुर्ग। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुजुर्ग को किडनी और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियां पहले से थीं। इन दो मौतों के साथ दिल्ली में इस साल कोरोना से मौतों की कुल संख्या 7 हो गई है।
वहीं, पिछले 24 घंटों में 105 नए मामले सामने आए हैं, जिससे दिल्ली में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 562 हो गई है। अधिकांश मामलों में लक्षण हल्के हैं और मरीज घर पर ही उपचार ले रहे हैं।
देश भर में भी कोरोना मामलों में फिर से उछाल देखने को मिला है। भारत में कुल सक्रिय मामले 4,302 हैं, जिनमें से पिछले 24 घंटों में 864 नए केस सामने आए हैं। इस साल अब तक 44 मौतें हो चुकी हैं, जिनमें ज्यादातर मरीज पहले से अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को सतर्क किया है। ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, आइसोलेशन बेड और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। 5 जून को अस्पताल स्तर पर मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई, ताकि व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा सके।

