कवर्धा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बाहपानी गांव में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो बैगा जनजातीय महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों महिलाएं जंगल में चरोटा भाजी तोड़ने गई थीं।
मृतक महिलाओं की पहचान तिहरी बाई और रामबाई के रूप में हुई है, जो एक ही परिवार से ताल्लुक रखती थीं। मंगलवार शाम लगभग 5 बजे दोनों जंगल की ओर गई थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। जब वे रात में घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने अगली सुबह खोजबीन शुरू की। कुछ ही देर में दोनों का शव बाहपानी के जंगल में मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कुकदूर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्राथमिक जांच में मौत का कारण आकाशीय बिजली की चपेट में आना बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्यवाही जारी है।
इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। दोनों मृतक महिलाएं बैगा आदिवासी समुदाय से थीं, जो पारंपरिक रूप से जंगलों पर निर्भर रहते हैं और भाजी, कंद-मूल, फल आदि एकत्र कर जीवनयापन करते हैं।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से पूरे राज्य में लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसके साथ आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों और खुले इलाकों में बारिश या बादल गरजने के दौरान जाना बेहद खतरनाक हो सकता है।


