उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने पहाड़ों पर तबाही मचा दी है। रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड हाईवे पर मुनकटिया के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। सोनप्रयाग से गौरीकुंड की ओर जा रहा यात्री वाहन अचानक भूस्खलन क्षेत्र में आ गया और ऊपर से एक विशाल बोल्डर वाहन पर आ गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाहन में कुल 11 सवारियां मौजूद थीं। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को सोनप्रयाग अस्पताल ले जाया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान इस प्रकार है :
- रीता (30 वर्ष), पत्नी उदय सिंह, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी
- चंद्र सिंह (50 वर्ष), पुत्र कलम सिंह, निवासी सियालब, थाना बड़कोट, जिला उत्तरकाशी
गंभीर घायलों के नाम :
- नवीन सिंह रावत (35 वर्ष), पुत्र जयेंद्र सिंह, निवासी सियालब, बड़कोट (रेफर)
- ममता (29 वर्ष), पत्नी चैन सिंह पवार, निवासी सियालब, बड़कोट (रेफर)
- प्रतिभा (25 वर्ष), पुत्री गिरवर सिंह, निवासी सियालब, बड़कोट
इस दुर्घटना ने क्षेत्र के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। लगातार बारिश से पहाड़ी इलाकों में बोल्डर और मलबा गिरने का सिलसिला जारी है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विभाग का अलर्ट :
मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भी भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना बनी रहेगी। ऐसे में तापमान में गिरावट के साथ भूस्खलन और सड़क हादसों का खतरा और बढ़ सकता है।
राज्य सरकार ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेशभर के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। उधर, उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री हाईवे पर भी छह नए स्थानों पर भूस्खलन और भू-धंसाव के कारण यात्रा संचालन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

