अंबिकापुर. प्रदेश सरकार ने खेलबो, जीतबो, गढ़वो नवा छत्तीसगढ़ के तहत सरगुजा जिले को इंडोर हॉल की सौगात दी है। खिलाड़ियों का मानना है कि इस सौगात के बाद उभरते खिलाड़ियों को शुरुआत से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान में अभ्यास करने का अनुभव मिलेगा। इसका फायदा आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में देखने को मिलेगा। मालूम हो कि जिले में खेल के क्षेत्र में युवाओं की अच्छी रुचि है। यहां के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसे देखते हुए लंबे समय से अंबिकापुर में इंडोर हॉल बनाए जाने की मांग की जा रही थी, ताकि खिलाड़ियों को बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव की विशेष पहल से सरगुजा जिले में मल्टीपरपज इंडोर हॉल के निर्माण का मंजूरी मिली है। प्रदेश सरकार ने खेलबो, जीतबो, गढ़बो नया छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले में हॉल बनाने की मंजूरी दी है। इस इंडोर हॉल के लिए पिछले तीन सालों से प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इंडोर हॉल बनने से आधुनिक बास्केटबॉल खेल को एक नया आयाम मिलेगा। इसके साथ ही सरगुजा जिला की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर दिखेगी।
इंडोर हॉल बनने से खिलाड़ियों को यह होंगे फायदे
कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान में खिलाड़ी सामान्य मैदान में अभ्यास करते हैं। जबकि इंडोर हॉल का टैंपरेचर व घास इत्यादि नियम के मुताबिक रहता है। इस कारण कई बार जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में जल्दी थक जाते हैं। जब यहीं पर इंडोर हॉल होगा और उसी में प्रशिक्षण दिया जाएगा तो उनका बेस मजबूत होगा। इसका फायदा आने वाले समय में देखने को मिलेगा और जिले के खिलाड़ी बड़ी प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। वहीं इंडोर हॉल बनने से जिले में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक भी अपने कैंप आयोजित करेंगे। मल्टीपरपज हॉल बनने से बास्केटबॉल, बॉलीबॉल, नेटबॉल, कॉर्कबॉल, टारगेट बॉल, ड्रॉप रो बॉल के खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा।

