रायगढ़। कोतरारोड़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चोरी की बड़ी वारदात का पर्दाफाश कर दिया। घटना में चोरी हुए 40 लाख रुपये मूल्य के 14 चक्का ट्रक को महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के सीधी जिले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 2 सितंबर की दोपहर की है। ट्रक ड्राइवर मोहम्मद रमीज आलम ने अपनी टाटा कंपनी की 14 चक्का गाड़ी (क्रमांक CG 13 AB 6214) को सीएमओ तिराहा पर मरम्मत हेतु खड़ा किया और घर भोजन करने चला गया। जब वह शाम को लौटा तो देखा कि ट्रक गायब है। उसने तत्काल कोतरारोड़ थाना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 367/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और इलाके में लगातार दबिश दी गई। उसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एनएच 49 धनागर रोड के पास जेएसपीएल सीमेंट प्लांट के पास जंगल में ट्रक छुपाकर खड़ा किया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर ट्रक को बरामद किया।
मौके से आरोपी आलोप सिंह (24 वर्ष) निवासी ग्राम मठखनिया, थाना मझौली, जिला सीधी (मप्र) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों अनुज सिंह (22), आनंद सिंह (19), संतोष बैगा (21) और बिमल बैगा (24) के साथ मिलकर ट्रक चोरी करने की बात स्वीकार की।
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी आलोप सिंह पहले ड्राइवर रह चुका है और उसे ट्रक चलाने व उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी थी। इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। सभी आरोपी घटना से एक दिन पहले ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे। उनका मकसद ट्रक चोरी कर उसे बेच देना था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का ट्रक जब्त कर लिया है। पांचों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए टीम की सराहना की है। इस मामले का खुलासा होने से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

