जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों और मितानिनों की हड़ताल को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया है। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को हड़ताल का गढ़ बना दिया है।
दीपक बैज ने कहा कि पहले भाजपा ने मोदी गारंटी के नाम पर एनएचएम और मितानिन कर्मियों को कई वादे किए थे, लेकिन अब वही भाजपा सरकार झूठ बोलकर इन कर्मियों को परेशान कर रही है। उन्होंने साय सरकार पर आरोप लगाया कि वह एनएचएम और मितानिनों की जायज मांगों को दबाने के लिए बलपूर्वक दमन कर रही है।
दीपक बैज ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से एनएचएम और मितानिन कर्मचारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मितानिन और स्वास्थ्यकर्मी प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिल रहा। पीसीसी चीफ ने सरकार से अपील की कि वे तुरंत इन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करें और उन्हें सम्मानजनक वेतन तथा सुविधाएं उपलब्ध कराएं, ताकि वे जनता की सेवा में मन लगाकर कार्य कर सकें।
प्रदेशभर में लगातार बढ़ती हड़ताल की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की है।


