रायगढ़. केजी कॉलेज में ऑटोनॉमस की संबद्धता खत्म होने के बाद अटल विश्वविद्यालय से मान्यता दिए जाने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। मंगलवार को उच्च शिक्षा विभाग और अटल विश्वविद्यालय के अफसरों की टीम कॉलेज पहुंची। प्रोफेसरों के साथ चार घंटे तक लंबी बैठक की। इसमें संबद्धता की जानकारी और परीक्षा परिणाम हफ्तेभर में विश्वविद्यालय को देने और उसके बाद रिजल्ट जारी करने की बात कही गई। इसमें विश्वविद्यालय की संबद्धता के बाद पिछले चार वर्ष में पास हुए तीन हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स को डिग्री भी दी जानी है। विश्वविद्यालय के अफसरों ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन करने और रिजल्ट के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा है। अटल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रवीण पांडेय ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई थी। कमेटी ने निरीक्षण किया है, इससे पहले विश्वविद्यालय के अनुमोदन से रिजल्ट जारी होता था, अब पूरी तरीके से कॉलेज विश्वविद्यालय से जोड़ा जाएगा। विश्वविद्यालय की सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, इसमें स्टूडेंट्स दिक्कत नहीं होने दिया जाएगा।
एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन
मंगलवार को बिलासपुर से आई टीम के संयोजक अपर संचालक एसआर कमलेश से एनएसयूआई के पदाधिकारी मिले। कॉलेज में सीट वृद्धि, रिजल्टस जल्द जारी करने, स्वशासी प्रकोष्ठ की वापसी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ऑटोनॉमस एक्सटेंशन को ले कर प्रयास करने की मांग उठाई। इस दौरान छात्रसंघ पदाधिकारी अखलाक खान, योगेश यादव, लोकेश देवांगन, नताशा भट्ट, एकता साव सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

