21 अगस्त को गूंजेगा हर-हर महादेव, निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा
रायगढ़। सावन माह के पावन अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में 21 अगस्त 2026, शुक्रवार को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के इस आयोजन में बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर शामिल होंगे।
यात्रा का शुभारंभ प्रातः 7 बजे किरोड़ीमल नगर से होगा। कांवड़ यात्रा किरोड़ीमल नगर से प्रारंभ होकर पत्रापाली, भगवानपुर, ढिमरापुर, कोतरा थाना होते हुए कोसमनारा बाबा धाम पहुंचेगी। यहां शिवभक्त भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करेंगे।
आयोजकों के अनुसार यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था एवं सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना और सामाजिक एकता एवं सौहार्द का संदेश देना है।
जिला अध्यक्ष वरुण सिंह ने शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है।


