गेरवानी शराब दुकान में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग, गार्ड घायल
रायगढ़, । गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में मंगलवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर प्रायवेट सिक्योरिटी गार्ड को घायल कर दिया। गोली गार्ड चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे चन्द्रशेखर ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। देखते ही देखते युवक ने जान से मारने की धमकी दी और पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायर कर दिया। गोली लगने के बाद घायल गार्ड ने आहाता के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई और साथियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस, साइबर टीम, आबकारी विभाग और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 206/2026 में बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस मुखबिरों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


