जंगल में मिली अज्ञात युवक की लाश, सिर पर गंभीर चोट के निशान*
पत्थलगांव जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के खंताडांड़-जुरगुम जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जंगल की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बगीचा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।



