वैवाहिक विवाद का खौफनाक अंत! दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों को उतारा मौत के घाट
जशपुर सीमा के पास वीरू जंगल में दफनाए थे दोनों महिलाओं के शव, गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को किया गुमराह
पत्थलगांव। झारखंड के गुमला जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद का अंत दो महिलाओं की हत्या के रूप में हुआ। पुलिस के अनुसार, दो सगे भाइयों ने कथित तौर पर अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर शवों को सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में दफना दिया था।
आरोपियों की पहचान शिव शंकर साहू और नवीन साहू के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद दोनों आरोपी अपने नाबालिग बच्चों को लेकर थाने पहुंचे और पत्नियों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करा दी, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
शुरुआत में मामला गुमशुदगी का लगा, लेकिन पुलिस की जांच में संदेह गहराता गया। पूछताछ के दौरान दोनों भाइयों की भूमिका सामने आई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर वीरू जंगल से दोनों महिलाओं के शव बरामद किए गए।
पुलिस ने वारदात में कथित रूप से इस्तेमाल की गई एंबुलेंस भी जब्त कर ली है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सवाल यह है कि जिस रिश्ते की बुनियाद विश्वास और साथ निभाने पर टिकी होती है, वह विवाद की आग में इतना भयावह रूप कैसे ले सकता है? घरेलू विवाद के नाम पर दो जिंदगियों का अंत समाज और परिवार व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े करता है।


