रायपुर. रायपुर के धरना स्थल पर हाथकरघा संघ की महिलाओं ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। महिलाएं विभाग के अधिकारी बीपी मनहर पर कमीशन खोरी का आरोप लगा रही हैं। सभा के बाद महिलाएं रैली की शक्ल लेकर सीएम हाउस घेरने के लिए निकलीं। पुलिस ने इन्हें स्मार्ट सिटी दफ्तर के पास रोक लिया। काफी देर तक महिलाएं यहीं हंगामा करती रहीं। महिलाओं ने कहा कि वो यहां से तब तक नहीं हटेंगी जब तक अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।
पुलिस और जिला प्रशासन ने महिलाओं से ज्ञापन लिया।
सरकार दे रही है शह
जनता कांग्रेस के नेता प्रदीप साहू ने बताया कि हम महिलाओं का समर्थन कर रहे हैं। सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को शह दे रही है। प्रदेश भर की महिलाएं रायपुर में आकर अपनी बात रख रही हैं, मगर सरकार की तरफ से एक भी जिम्मेदार, मंत्री या विधायक इनकी बात सुनने नहीं पहुंचा। पुलिस की कार्रवाई दिखाकर महिलाओं को डराने की कोशिश की जा रही है। लेकिन यह हम सहेंगे नहीं ।
प्रदर्शन में शामिल होने के लिए महिलाएं रायपुर के अलावा, भिलाई, बालोद, बिलासपुर और रायगढ़ जैसे इलाकों से यहां आईं थीं।
इसलिए उपजा है पूरा विवाद
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि हाथकरघा संघ के अधिकारी बीपी मनहर कमीशन लेकर महिलाओं को काम देते हैं, जो कमीशन नहीं देगा उस महिला समूह के रोजगार के सारे रास्ते बंद कर दिए जाते हैं। यह आरोप लगाया है प्रदेशभर से आई महिलाओं ने। रायपुर के बूढ़ापारा स्थित धरनास्थल पर हाथ करघा महिला स्व सहायता समूह संगठन के बैनर तले महिलाएं धरना दिया, महिलाओं का कहना है कि अधिकारियों के इस रवैये से वो बेहद परेशान हैं।

