रायगढ़. घरघोड़ा पुलिस ने रविवार को प्रतिबंधित कोडीन फास्फेट कोरेक्स सिरप बेच रहे युवक को रंगे हाथ दबोचा और उसके पास से प्लास्टिक बोरी में रखे 52 नग सिरप को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार युवक लैलूंगा रोड रेलवे पुल के नजदीक चोरी छिपे कोरेक्स का कारोबार कर रहा था। घरघोड़ा क्षेत्र में इससे पहले भी कोडीन सिरप की खरीद फरोख्त पर कई बड़ी कार्रवाई की जा चुका है। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कृष्ण कांत सिंह को रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली की लैलूंगा रोड रेलवे पुल एक युवक कोरेक्स बेच रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई जन्मेजय वर्मा व जवानों को पदुम दास बैरागी 27 वर्ष निवासी कोटरीमाल को घेराबंदी कर पकड़ने के निर्देश दिए। टीम ने घेराबंदी कर युवक को दबोचा, उन्हें युवक के पास से एक प्लास्टिक की बोरी में प्रतिबंधित सिरप कोडीन कोरेक्स के 100 एमएल वाली 52 नग बोतलें मिली। आरोपी से पूछताछ करने पर इसे क्षेत्र में अवैध रूप से बिक्री करना कबूल किया गया ।

