कोरबा। पाली थाना क्षेत्र में लगातार चोरी के मामले बढ़ रहे हैं। पोड़ी में चोरी की बड़ी घटना घटित हुई है। बीती रात को अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन सराफा दुकान को अपना निशाना बनाया। वैभव सोनवानी, विनय सोनी, कैलाश सोनी के ज्वेलरी शाप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोरों ने दुकानों में रखे आभूषणों की चोरी कर ली है, जिसमें ज्यादातर सामान चांदी के बताया जा रहा है। तीनों ज्वेलरी दुकानों का चोरों ने एक के बाद एक ताला तोड़ा और लगभग सवा दो किलो चांदी व 5 ग्राम सोने के जेवर की चोरी कर लिए।
पुलिस ने बताया कि चोरी गए जेवर की कीमत लगभग दो लाख रुपये है। पोंडी के तीन सराफा दुकानों में एक साथ चोरी की सूचना मिलने पर पाली पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वारदात की उच्च अधिकारियों को भी जानकारी दी गई है। चोरी की इस सनसनीखेज घटना की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। इसके साथ ही चोरों का बुलंद हौसला देख पुलिस भी हैरत में है। क्षेत्र में सीसीटीवी नहीं होने की वजह से चोरों की तलाश में मुश्किल जा रही है, लेकिन पुलिस का दावा है कि चोरों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
चोरी की इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में भी असुरक्षा का माहौल बना है। पहले भी इस तरह की चोरियां जिले में कई जगहों पर हो चुकी हैं अौर यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। हर दूसरे तीसरे दिन किसी न किसी इलाके में चोरी की वारदात हो रही है। पाली थाना क्षेत्र के पोड़ी में अभी व्यापरियों ने सीसीटीवी के लिए चन्दा भी किया है। अभी एक भी सीसीटीवी कैमरा लगता इससे पहले चोरी की यह बड़ी वारदात हो गई है। पुलिस अब पाली मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाल रही ताकि चोरों का कोई सुराग हाथ लग सके।

