रायगढ़. खरसिया जनपद पंचायत के तकनीकी सहायकों ने अब सचिव संघ के अध्यक्ष रोहित पटेल के खिलाफ जिला पंचायत सीईओ से शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने सचिव संघ के अध्यक्ष रोहित पटेल पर आरोप लगाया है कि वह अपने बेटे के नाम से रजिस्टर्ड फर्म वासू ट्रेडर्स का फर्जी बिल लगवाने का दबाव बनाते हैं। मना करने पर फंसाने की धमकी देते हैं। कुछ दिन पहले ही सचिव संघ के अध्यक्ष ने जनपद पंचायत सीईओ की शिकायत की थी। अब तकनीकी सहायकों ने यह शिकायत की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि, संघ अध्यक्ष के कहने पर तय मापदंडों के विपरीत निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है। इस तरह के कार्यों के मूल्याकंन में चोरी पकड़ने जाने पर भी दबाव बनाया जाता है। कार्यालय के अन्य सदस्य भी संघ अध्यक्ष की धमकी से परेशान है। तकनीकी सहायकों ने मामले में जिला पंचायत से जांच के बाद सख्त कार्रवाई की मांग की है। दोनों ही शिकायतों पर जिला पंचायत सीईओ ने जांच के निर्देश दिए हैं। खरसिया तहसील उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल का क्षेत्र होने के कारण भी अफसर इस मामले को लेकर गंभीरता दिखा रहे हैं।

