अंबिकापुर. जिले के लुंड्रा थाना अंतर्गत ग्राम किरकिमा में रविवार की देर शाम को नशे में धुत एक युवक ने पत्नी को पहलेे बेदम पीटा और जब वह बेहोश हो गई तो करीब 3 सौ मीटर घसीटते हुए घर ले गया। गंभीर चोट आने से कौशिल्या कोरवा 22 वर्ष की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पत्नी की मौत होने से मामले को दबाने पति मिर्रा कोरवा ससुराल गया और सास व ससुर को यह बता दिया कि बीमार होने से कौशिला नहीं उठ रही है। इसके बाद वह गया तो वापस नहीं लौटा। इधर ससुराल वाले मौके पर पहुंचे तो कौशिला का शव देखकर दंग रह गए। उसके शरीर में चोट के निशान थे। बाद में पता चला कि मिर्रा ने उसके साथ मारपीट की थी। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच की तो हत्या की बात सामने आई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पति मिर्रा को दूसरे दिन गांव से लगे जंगल से पकड़ लिया। पूछताछ की तो उसने मारपीट कर घसीटने की बात स्वीकार कर ली।
बच्चों को दूध पिलाने की बात पर हुआ था विवाद
पुलिस ने बताया कि रविवार की देर शाम को बच्चों को दूध पिलाने की बात पर कौशिला व आरोपी के बीच विवाद हुआ था। आरोपी नशे में था। इससे नाराज होकर उसने हाथ मुक्के से पत्नी की पिटाई की। जब वह जमीन पर गिर गई तो पास रखे डंडे से भी उसे पीटा। गंभीर चोट आने से मृतका के लीवर, फट गया था।

