जशपुर. बगीचा थाना क्षेत्र के लोटा मोड़ के पास मंगलवार की शाम को सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप को आर्टिका कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी है। टक्कर में पिकअप की ट्राली से सिंटेक्स टंकी उतरवा रहा पिकअप का चालक गंभीर रूप से घायल हाे गया। घायल हालत में उसे बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। बलरामपुर निवासी मोहम्मद आलम अंबिकापुर के एक व्यापारी की पिकअप चलाता है। मंगलवार काे वह सिंटेक्स की टंकियां लेकर बगीचा पहुंचा था। जहां लोटा मोड़ के पास एक कारोबारी की दुकान में उसे खाली करा रहा था। उसने पिकअप को सड़क किनारे खड़ा किया था। शाम करीब 4 बजे बगीचा से पत्थलगांव वापस जा रही आर्टिका कार के चालक ने पिकअप को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के वक्त मो.आलम टंकियां उतरवाने के लिए पिकअप के पीछे ही खड़ा था। टक्कर में वह आर्टिका व पिकअप की ट्राली के बीच में बुरी तरह से पिस गया। जिससे उसके शरीर के कमर के नीचे का हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।

