तहसील के नए भवन के लिए 75 लाख मंजूर
जशपुर. सन्ना के तहसील बनने से क्षेत्र के लोगों को छोटे-मोटे कार्य, राजस्व संबंधित कार्य के लिए अब बगीचा नहीं जाना पड़ेगा। । नई तहसील सन्ना में 18 पटवारी हल्के और 64 गांव शामिल है। सन्ना के तहसील बनने से कुछ गांवों को फायदा हुआ है, तो कुछ को दूरी बढ़ने से नुकसान पहुंचा है। ऐसे गांवों की परेशानी दूर करने के लिए कलेक्टर ने जगह-चयन कर तहसीलदार को लिंक कोर्ट स्थापित करने के लिए कहा है। तहसील के नए भवन के लिए 75 लाख और तहसीलदार की गाड़ी के लिए 6.50 लाख की मंजूरी दी गई है। सन्ना के तहतसील बनने के बाद दूरी बढ़ने से दर्जन भर गांव के ग्रामीणों की मुसीबतें बढ़ी है। ऐसे गांव बग़ीचा तहसील से 7 किमी से 21 किमी दूरी पर स्थित थे पर अब उनको तहसील के काम के लिए 45 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ेगा। बहुत से गांव तो ऐसे भी हैं जिनका सफर बगीचा होते सन्ना जाना पड़ेगा। ऐसे राजस्व ग्रामो में रोकड़ा, महादेवजोबला, देवडाड़, गायबुड़ा, सुकमा, सोनगेरसा, सारुढांब, रौनी, छिछली, सरधापाठ, मुढ़ी, कुरकुरिया, भड़िया शामिल है। इस समस्या का समाधान करते हुए कलेक्टर ने इन गांव के लोगो के लिए तहसीलदार की लिंक कोर्ट स्थापित करने का निर्णय लिया है।
साभार: दैनिक भास्कर

