रायगढ़. दीपावली के बाद भी दाम में कमी नहीं हाेने से आलू और प्याज ने मध्यम वर्गीय परिवार बजट बिगाड़ दिया है। पिछले साल नवंबर में जाे आलू 10 से 20 रुपए किलो में बिक रहा था, वह अब 40 से 50 रुपए किलो में बिक रहा है। प्याज के दाम भी लाेगाें के आंसू निकाल रहे हैं। बाजार में वह 70 से 90 रुपए किलो के भाव से मिल रही है लेकिन सब्जियों के भाव घटने से कुछ राहत है। एक माह पहले जो सब्जी 40 से 50 रुपए किलो बिक रही थी, वह अब 20 से 30 रुपए में मिल रही है। गाजर अब भी 100 रुपए किलो ही मिल रही है। फुटकर व्यवसायियों का कहना है कि आलू व प्याज के दाम में कमी नहीं आने से बिक्री में फर्क पड़ा है। पहले जो लोग 5 किलो या उससे ज्यादा आलू खरीदते थे, वे अब एक से आधा किलो की खरीदारी कर रहे हैं। मंडी व्यवसायियों का भी कहना है कि अब थोक में आलू 32 से 38 रुपए प्रति किलो में मिल जा रहा है। इसे फुटकर में 45 रुपए किलो या उससे अधिक में बाजार में बेचा जा रहा है। आलू की बढ़ती कीमतों की वजह से बिक्री भी कम होती जा रही है।अभी एक महीने पहले के मुकाबले सब्जियां सस्ती हुई है, पर पिछले साल के मुकाबले अभी भी महंगी है।
संतरे से महंगा गाजर
छठ पूजा के कारण दाम बढ़ने के बाद भी कुछ फल बाजार में सस्ते मिल जा रहे हैं। बाजार में गाजर जहां अब भी 100 रुपए किलो मिल रहा है तो वहीं संतरा 60 रुपए किलो में आसानी से मिल जा रहा है। बाजार में सेव 100 रुपए किलो, अनानास 70 रुपए पीस, अनार 140 रुपए किलो और केला 40 रुपए दर्जन मिल रहा है।
साभार: दैनिक भास्कर

