वारदात से पहले बदमाशों ने की थी रेकी, कुल ढाई लाख की चोरी
रायगढ़. लैलूंगा थाना क्षेत्र में ग्राहक सेवा केंद्र से ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने दो लाख नकद सहित ढाई लाख के सामान की चोरी कर ली है। मामले में सूचना के बाद लैलूंगा पुलिस ने आईपीसी की धारा 457 380 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रुस्तम यादव लैलूंगा में ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करता है। शनिवार की शाम युवक अपनी दुकान बंद कर घर गया। दूसरे दिन सुबह उसके बड़े भाई उत्तम ने दुकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर युवक ने दुकान आ कर अपने सामान की जांच की। गल्ले से 2 लाख 8 हजार नकद सहित ढाई लाख रुपए का सामान चोरी हो चुका था। सूचना के बाद लैलूंगा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने दुकान की रेकी की होगी। इसके बाद आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना की रात एक्टिव मोबाइल की जानकारी लेकर भी आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
साभार: दैनिक भास्कर

