डोंगरगढ़ की पीड़िता के मामले में जुड़े सभी तार खंगाले जा रहे
राजनांदगांव/डोंगरगढ़. डोंगरगढ़ में महिला तस्करी के मामले में पकड़ी गई सरगना साजदा से पूछताछ में उसके नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। अभी तक उसने यह माना है कि उसके दूसरे राज्यों में दलालों से कनेक्शन हैं। वह लड़कियों से देह व्यापार भी कराती थी और उन्हें दूसरे राज्यों में भेजने के लिए ग्राहक ढूंढती थी। उसके लिए दिल्ली में हमेशा एक घर किराए पर उपलब्ध रहता था। यह गिरोह वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए भी अपने ग्राहक तलाश करते थे। विज्ञापन देखकर ज्यादा उम्र के लोगों से संपर्क करते थे। ऐसे कितने लोगों को उन्होंने लड़कियां बेची हैं, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही बड़ा खुलासा होगा। गौरतलब है कि सोमवार को साजदा सैयद समेत 4 लोग मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुए हैं। इन लोगों ने एक महिला को तीन महीने पहले अगवा किया, उसके साथ दुष्कर्म हुआ और फिर उसे दो बार बेचा गया। महिला भागकर हरियाणा पुलिस के पास पहुंची, जहां से पीड़िता को उसके बेटे समेत खरीदारों से छुड़ाकर डोंगरगढ़ भेजा गया, जिसके बाद साजदा सैयद, जुनैद, सलमान व शुभम तिवारी को गिरफ्तार किया गया।
इनसे पूछताछ कर पुलिस की टीम हरियाणा गई है। पुलिस को साजदा और उसके साथियों ने बताया कि साजदा देह व्यापार का काम भी करती है और दूसरे राज्यों से भी लड़कियां छत्तीसगढ़ लाती है और यहां से भी बाहर लड़कियां भेजती है। उसका बड़ा नेटवर्क है। वो लंबे समय से इस रैकेट का हिस्सा है, जिसे राजनांदगांव सहित दूसरे जिलों से भी युवतियों के दिल्ली सहित आसपास के राज्यों में भेजे जाने की पूरी जानकारी है। कई शहरों के लॉज में उसकी सेटिंग है। इसके अलावा ये आरोपी इंटरनेट पर वैवाहिक विज्ञापन देखते थे। इसके जरिए से वे अगवा लड़कियों को खरीदने वाले ग्राहक ढूंढते थे।
खासकर टारगेट में ऐसे लोग रहते थे, जिनकी उम्र अधिक है और उन्हें किसी भी समाज या स्तर की युवती चाहिए होती थी। ऐसे लोगों से स्थानीय तस्करों के माध्यम से संपर्क साधते थे। इसके बाद युवती के बदले लाखों रुपए में सौदा होता है। इसके लिए कमजोर वर्ग की युवतियों और कम उम्र की महिलाओं को टारगेट बनाया जाता है।
पहला टारगेट दिल्ली का दलाल और दोनों खरीदार
इस मामले में पुलिस सबसे पहले दिल्ली के दलाल और दोनों खरीदार को गिरफ्तार करने निकली हुई है। टीम रवाना हो चुकी है। दिल्ली के दलाल की गिरफ्तारी अहम है। इसी से पता चलेगा कि हरियाणा में किन लोगों ने पीड़िता को खरीदा था। पुलिस सारी कड़ियां तलाश रही है।
एसपी बोले – टीम हरियाणा रवाना, जल्द बड़ी कार्रवाई
एसपी श्रवण ने कहा कि मामले से जुड़े संदिग्धों की पतासाजी टीम कर रही है। इनसे जुड़े लोगों की जल्द गिरफ्तारी होगी। इसके बाद मामले में बड़ी कार्रवाई भी सामने आएगी। मानव तस्करी के एंगल से जुड़े सारे कनेक्शन खंगालने के लिए टीम जुट गई है। पीड़िता को खरीदने वालों की गिरफ्तारी के बाद साजदा से मिलकर उसे बेचने वाले दलाल की भी पूरी जानकारी बाहर आएगी।
हाईपावर कमेटी बनाकर जांच हो
“पीड़िता ने जो भी खुलासे किए हैं, वह बड़ी कार्रवाई के लिए मददगार हैं। सरकार को हाईपावर कमेटी गठित कर मानव तस्करी के मामलों की जांच करानी चाहिए। हर जिले में स्पेशल सेल बना कर ऐसे मामलों की निगरानी और कार्रवाई की जरूरत है। गिरोह पूरे राज्य में सक्रिय है। इसमें कड़े कदम उठने की जरूरत है।”
-डॉ. रमन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री
दोषी जल्द पकड़े जाएंगे
“हमने आईजी से कहा है कि मामले में अधिक से अधिक अफसर लगाकर इनपुट पर जांच कराएं। देश में जहां-जहां जाना पड़े अफसरों को भेजें। दोषियों को जल्द गिरफ्तार करें। इस मामले में अभी टास्क फोर्स बनाने जैसी जरूरत नहीं है।”
–ताम्रध्वज साहू, गृहमंत्री
साभार: दैनिक भास्कर

