नगर निगम के अफसरों ने गार्बेज प्वाइंट में शहर के बाहरी हिस्से में गंदगी वाली जगहों को रखा
रायगढ़. निगम ने शहर के बीच गार्बेज प्वाइंट हटाने के लिए 12 जगहों की लिस्टिंग कर वहां सफाई कराने के साथ सौंदर्यीकरण शुरू किया है। अभियान में शहर के सबसे गंदे स्पॉट को ही छोड़ दिया गया है, जबकि निगम के कर्मचारी सबसे ज्यादा ऐसी जगहों से कचरा उठाते हैं। अब अफसर दूसरी सूची में इन स्पॉट्स को रखने की बात कह रहे हैं। शहर के बीच बने गार्बेज प्वाइंट (जहां कचरा फेंका जाता है) को खत्म करने के लिए निगम ने 9 लाख रुपए में सौंदर्यीकरण शुरू कराया है। इसमें 12 जगहों को चुना गया है। यहां फेंसिंग कर सुंदर दिखने वाले पौधे और औषधीय प्लांट भी लगाए जा रहे हैं ताकि लोग इन जगहों पर कचरा ना डालें। टेंडर जारी होने के बाद वर्क ऑर्डर भी हो गया। काम की शुरुआत भी हो गई। शहर के जिन जगहों में सबसे ज्यादा जरूरत थी। उन्हीं जगहों को निगम ने अपनी लिस्ट में शामिल नहीं किया है। इससे स्वच्छता रैकिंग बिगड़ सकती है।
शहर के बीच के स्पॉट भूले
पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास: यहां सालभर कचरा पड़ा होता है। आसपास अस्पताल, मेडिकल, इलेक्ट्रानिक्स, डेली नीड्स सहित दर्जनों दुकानें हैं। जो यहां अपना कचरा फेंकते हैं।
एसबीआई मुख्य ब्रांच बस स्टैंड: एसबीआई मुख्य ब्रांच बस स्टैंड के सामने हमेशा कचरे का ढेर लगा होता है। दो दिनों पहले ही निगम ने सफाई की थी। लेकिन मंगलवार को ही फिर यहां गंदगी दिखी।
माल धक्का रोड : माल धक्का रोड शहर के सबसे गंदे स्पॉट में शामिल है। यहां कुछ दूरी पर होटल और बड़ी दुकानें हैं। होटल और दुकानों के कचरे यहां सुबह-शाम डंप होते हैं।
* इस तरह रोक सकते हैं डंपिंग यार्ड बनने से
* इन जगहों पर मॉनिटरिंग कर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना
* योजना के अनुसार गार्बेज प्वाइंट को मिनी गार्डन में बदला जाए
* आसपास के दुकानों में डस्टबीन बांटा जाए
* शहर के बीच दुकानों वाले जगहों पर सुबह-शाम कचरा कलेक्शन हो
अभी इन 12 स्पॉट पर शुरू हुआ है काम
एसपी कांपलेक्स के सामने, स्टेशन चौक, ढिमरापुर चौक, जोगीडीपा नाला किनारे, स्टेडियम के सामने, घड़ी चौक, बोइरदादर चौक, रेस्ट हाउस के सामने, दुर्गा मंदिर बोइरदादर के सामने, पहाड़ मंदिर रोड, टीवी टावर हनुमान मंदिर के पास।
कचरा फैलाने से बचे, लोगों से अपील
“शहर के बाकी बचे गंदे स्पॉट को चिन्हांकित कर लिया गया है। दूसरे फेज में इन सभी को शामिल कर इन्हें भी सुधारा जाएगा। लोगों से अपील है कि वे भी जागरूक होकर कचरा फैलाने से बचें।”
-आशुतोष पांडेय, आयुक्त, ननि, रायगढ़
साभार: दैनिक भास्कर

