कलेक्टर ने ढिमरापुर चौक, सीएमओ तिराहे के पास की सड़कों का किया मुआयना
रायगढ़. बुधवार काे कलेक्टर भीम सिंह ने रायगढ़-सारंगढ़ नेशनल हाइवे का निरीक्षण किया। सारंगढ़ से सराईपाली बाईपास मार्ग पर चल रहे सड़क व पुलिया निर्माण का जायजा लेते हुए निर्माण एजेंसी तथा प्रोजेक्ट मैनेजर को फरवरी तक काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चंद्रपुर में सड़क तथा ब्रिज के पैचवर्क तथा हरदी से सारंगढ़ पहुंच मार्ग का मरम्मत मार्च तक पूरा करने के लिए कहा। रायगढ़ से विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन सड़कों के पैच वर्क तथा मरम्मत कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। निरीक्षण तथा कार्यों के अद्यतन जानकारी के लिए उन्होंने विशेष रूप से ईई नेशनल हाइवे को बिलासपुर से सारंगढ़ बुलवाया था। रायगढ़ से सारंगढ़ के बीच नेशनल हाइवे में अधूरे छूटे निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी लेते हुए विभागीय अधिकारियों को कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश नेशनल हाइवे को दिए। सारंगढ़ से बलौदा बाजार की ओर जाने वाली सड़क का भी मरम्मत जल्द पूर्ण करने के लिए कहा। इसके साथ ही रायगढ़ शहर के ढिमरापुर चौक, सीएमएचओ तिराहा तथा उर्दना चौक का भी निरीक्षण किया। विधायक प्रकाश नायक भी इस दौरान ढिमरापुर चौक में मौजूद रहे। कलेक्टर सिंह ने संबंधित विभाग जिनकी सड़कें है उन्हें निर्देशित किया कि सड़क सुधार की दिशा में तेजी से कार्य किया जाए। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि प्रदूषण स्तर में भी कमी आएगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़काें का भी लिया जायजा
कलेक्टर भीम सिंह ने निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना द्वारा बनाई गई सारंगढ़ से कुटेला व कोसीर होते हुए मल्दा के सड़क निर्माण कार्य की जानकारी ली। विभाग के ईई ने बताया कि सड़क सुधार के लिए सफाई के साथ कटिंग और चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। सड़क के ज्यादा खराब हिस्से को प्राथमिकता से सुधारने के लिए काम चालू कर दिया गया है। कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण तरीके से तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम नंदकुमार चौबे, ईई नेशनल हाईवे, ईई पीएमजीएसवाय सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौके पर उपस्थित थे।
साभार: दैनिक भास्कर

