रायगढ़. जूटमिल पुलिस ने गुरुवार की सुबह दो गाड़ियों से लगभग 16 क्विंटल धान जब्त किया है। धान ओडिशा की ओर से लाया जा रहा था। पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान गाड़ी रोककर जांच की तो अवैध धान निकला। आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य विभाग को सौंप दिया गया है। रायगढ़ जिले में लगातार ओडिशा की ओर से अवैध धान पहुंच रहा है। पुलिस जांच के दौरान या फिर प्रशासनिक टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। दिसंबर में सरकारी मंडियों में खरीदी शुरू होगी। इससे पहले ही कोचिए और बिचौलिए अपने यहां के खेप को दूसरे राज्यों में खपाने की तैयारी में लगे हुए है। लेकिन प्रशासन की इसे रोकने की तैयारी पूरी दिखाई नहीं दे रही है। गुरुवार को जूट मिल पुलिस ने ओडिशा से रेंगालपाली बॉर्डर से रायगढ़ की ओर से आ रहे धान को पकड़ा है। रेंगालपाली की ओर से एक पिकअप और छोटे मालवाहक में धान लोड कर वापस आ रहा था। वाहन में 16 बोरी धान और पिकअप वाहन में 28 बोरी धान कुल 16 क्विंटल धान लोड किया गया था। ड्राइवरों से पूछताछ करने पर वे धान के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पाए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य विभाग को सौंप दिया।
साभार: दैनिक भास्कर

