धौराभाठा. लैलूंगा विधानसभा अंतर्गत तमनार के ग्राम पंचायत हिंझर के आश्रित ग्राम सेमींजोर में मिनी आंगनबाड़ी का विधायक चक्रधर सिंह सिदार ने लोकार्पण किया। विधायक के गांव में प्रवेश करने पर कर्मा नृत्य के साथ ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। जिसके पश्चात पूजा-अर्चना कर फीता काटकर आंगनबाड़ी का लोकार्पण किया गया। वहीं ग्रामीणों द्वारा गांव में सामुदायिक भवन की मांग करने पर क्षेत्रीय विधायक ने ग्रामीणों को सामुदायिक भवन की सौगात दी है। साथ ही साथ हिंझर में 5 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भी भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर विधायक चक्रधर सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी के खुलने से नन्हे बच्चों को नए छत मिल रही है। आंगनबाड़ी के दीदियों का योगदान गांव के घर घर में होता है, वे कुपोषण को मात देने हर प्रकार से प्रयास कर रहे हैं। सेमींजोर गांव जंगल के बीच होने से यहां के लोग जंगल पर आश्रित रहते हैं। यहां कई प्रकार के लघु वनोपज का संग्रहण किया जाता है। संग्राहकों के हित के लिए हमारी सरकार 31 प्रकार के लघु वनोपज की खरीदी कर रही। कार्यक्रम में तमनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बिहारी लाल पटेल, लैलूंगा जनपद अध्यक्ष किरण पैंकरा, बबलू साहू, मानसिंह नायक, रोशन पंडा, रूपेश पटेल, राजेंद्र बैरागी, सत्यनारायण शर्मा, लक्षण पटेल, साधुराम बेहरा, यशवंत सिदार एवं ग्रामीण सहित अन्य उपस्थित रहे।
साभार: दैनिक भास्कर

