कोतरा रोड, खरसिया चौकी और पुसौर थाना प्रभारी को लगाई फटकार
रायगढ़. गुरुवार को जिले में क्राइम समीक्षा बैठक हुई। एसपी ने पुलिस को जनता के बीच दिखने की नसीहत दी, बोले: थाने में बैठ टेबल वर्क करने की बजाय पुलिस जवाब जनता के बीच जाकर ही अपना पूरा काम निपटाए। इससे लोगों में पुलिस की छवि भी सुधरेगी और लोग पुलिस से सीधे जुड़ेंगे भी। महिला संबंधित अपराधों में पेंडेंसी कम करने पर एसपी ने जोर दिया। कई थाना प्रभारियों को उनके कार्यों के लिए सराहा गया तो कई को फटकार भी मिली। सुबह 11 बजे से शुरू हुई। एसपी ने थानावार लंबित अपराधों और पिछली क्राइम मीटिंग में माइनर एक्ट और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर तुलनात्मक समीक्षा की गई। खरसिया, पुसौर और कोतरा रोड थानों में लंबित अपराध और शिकायत की स्थिति को लेकर प्रभारियों को एसपी ने फटकार लगाई। काम को सुधारने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। थाना प्रभारी बरमकेला और सरिया में लगातार अवैध शराब बिक्री के संबंध में शिकायत प्राप्त होने की जानकारी देते हुए उन्हें इस पर कार्रवाई करने को कहा गया।
प्रदर्शन के आधार पर होगा ट्रांसफर व मिलेगा पुरस्कार
सालभर बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारी को थाना प्रभारी ऑफ द ईयर का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रभारियों के प्रदर्शन आधार पर उनका ट्रांसफर किया जाएगा। मीटिंग में सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना, चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक और शाखा प्रभारी उपस्थित थे।
जमानत पर बाहर आए बदमाशों पर बना रहे खौफ
कई ऐसे आरोपी हैं जो जमानत पर हैं और बार-बार अपराध में शामिल हो रहे हैं। ऐसे सभी आरोपियों की सूची बनाकार उनकी जमानत कैंसिल कराने प्रतिवेदन न्यायालय भेजने एसपी ने निर्देश दिए। ताकि कम से कम जमानत पर रिहा हुए आरोपियों के मन में छूट के आने के बाद पुलिस का भय बना रहे।
पेट्रोलिंग बढ़ाएं… अपने आप कम होंगी लूट की घटनाएं
जिले में हाल ही में घटित लूटपाट की घटनाओं पर नाराजगी जाहिर करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया। दरअसल पुसौर और घरघोड़ा क्षेत्र में लूट के मामले आए थे। इसी तरह अन्य स्थानों पर चोरी के मामले भी बढ़े हैं। ऐसे में सभी थाना प्रभारियों को शाम 6 से 10 बजे फील्ड पर नजर आने के लिए कहा गया।
साभार: दैनिक भास्कर

