बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रुपयों के लेनदेन को लेकर पड़ोसी गालियां दे रहे थे। युवक घर से बाहर निकला तो उस पर लाठी और पत्थर से हमला कर दिया।
मस्तुरी क्षेत्र में देर रात की घटना, पड़ोसी घर के बाहर खड़े होकर गालियां दे रहे थे
युवक बाहर निकला तो किया हमला, किराना दुकान के पैसे को लेकर है विवाद
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुराने विवाद के चलते दो पक्ष आपस में भिड़ गए। घर में खाना खा रहे युवक का पड़ोसियों ने पत्थर मारकर दांत तोड़ दिया। पड़ोसी घर के बाहर युवक के पिता से गाली-गलौच कर रहे थे। आवाज सुनकर युवक बाहर निकला था। दोनों पक्षों में किराना दुकान के रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला मस्तुरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भिलाई निवासी जितेंद्र कुमार चंद्राकर के पिता की घर में ही छोटी सी किराना दुकान है। जितेंद्र उसी दुकान में पिता का सहयोग करता है। वह रविवार रात करीब 8 बजे घर में खाना खा रहा था, जबकि उसके पिता दुकान में थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के प्रसाद सूर्यवंशी,लाल सूर्यवंशी, छोटेलाल सूर्यवंशी व मन्नू लाल सूर्यवंशी वहां पहुंच गए।
गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने डंडे से पीटा
आरोप है कि आते ही सभी ने दुकाना के पुराने रुपयों के लेनदेन को लेकर पिता को गालियां देनी शुरू कर दी। शोर सुनकर जितेंद्र घर से बाहर निकला और आरोपियों को मना किया। इस पर आरोपी छोटे लाल व मन्नू ने उसका हाथ पकड़ लिया और लाल सूर्यवंशी डंडे से मारने लगा इसी बीच प्रसाद सूर्यवंशी ने पास में रखा पत्थर मारकर दांत तोड़ दिया। मारपीट में जितेंद्र के मुंह, पीठ में चोट आई है।

