रायगढ़. शनिवार को शहर के एक ट्रांसपोर्टर ने कोतवाली में 19 लाख 19 हजार रुपए की ठगी की शिकायत दर्ज कराई। आरोपी दुर्ग का रहने वाला है जिसने प्रेस के व्यवसाय में पार्टनरशिप दिलाने के नाम पर रुपए लेकर अनुबंध किया और फिर मुकर गया। वर्ष 2018 में कोतरा रोड निवासी ट्रांसपोर्टर दीपक अग्रवाल की पहचान मर्रा दुर्ग के मनीष कुमार मिश्रा से हुई। मनीष ने प्रस्ताव दिया कि वह प्रेस से संबंधित कार्य करता है । वह महाकौशल प्रेस नामक भागीदारी फर्म बनाएगा।
अगर दीपक इसमें 19 लाख 19 हजार रुपए निवेश करे तो उसे 50 प्रतिशत मुनाफा होगा। दीपक ने सहमति जताते हुए रायगढ़ में ही मनीष के साथ एक हजार रुपए के स्टांप पेपर पर “पार्टनरशीप डीड” तैयार की। मनीष ने दीपक से 19.19 लाख रुपए लेकर महाकौशल प्रेस शुरू किया। कई बार दीपक अग्रवाल ने मनीष से एकाउन्ट और फर्म के कागजात मांगे लेकिन वह कागजात व अकाउन्ट देने में टाल-मटोल करने लगा। शंका हुई तो दीपक ने जानकारी इकट्ठा की।
पता चला कि मनीष महाकौशल प्रेस के नाम पर दर्ज पुरानी फर्म से ही व्यापार कर रहा था और पुराने खाते में रूपए लेन-देन कर रहा है । दीपक ने रुपए मांगे तो पांच लाख रुपए का चेक दीपक को दिया। चेक बाउंस हो गया । कोतवाली पुलिस ने मनीष कुमार मिश्रा के विरूद्ध धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
साभार: दैनिक भास्कर

