बाराद्वार. सोमवार की रात 8.30 बजे ग्राम पलाडीकला के बजरंग चौक के चबूतरे पर बैठे चार लोगों को ट्रैक्टर ने अपने चपेट में ले लिया। हादसे में प्यारेलाल बरेठ, नारायण साहू, रवि बरेठ, पिंकू बरेठ को गंभीर चोटें आई हैं। सभी को इलाज के लिए 112 की टीम ने चांपा हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। डायल 112 में ड्यूटी कर रहे आरक्षक संतोष कश्यप एवं राजेश कौशिक के अनुसार पलाडीकला के बजरंग चौक पर बने चबूतरे में गांव के कुछ युवक बैठे हुए थे, तभी गांव का दीपक बरेठ ट्रैक्टर में बैमन तालाब के पास से गिट्टी लोडकर पलाडीकला की बस्ती की ओर आ रहा था। बजरंग चौक के पास पहुंचा ही था कि ड्राइवर संतुलन खो बैठा एवं 2 बाइक को टक्कर मारते हुए उसने बजरंग चौक के चबूतरे में बैठे लोगों के ऊपर ट्रैक्टर को चढ़ा दिया इसके बाद ट्रैक्टर चबूतरे के ऊपर ही चढ़ गया। इसमें प्यारेलाल बरेठ को पैर में, नारायण साहू को सीने एवं पैर में, रवि बरेठ को पैर में एवं पिंकू बरेठ के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के समय बजरंग चैक के चबूतरे में और भी लोग बैठे हुए थे, बाकी लोगों ने भागकर एवं कूद कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। नारायण साहू को चांपा से कोरबा रेफर कर दिया गया है।
साभार: दैनिक भास्कर

