भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़. माल की हेराफेरी कर 62 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पूंजीपथरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र से पकड़कर लाया गया है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए खुद को रसोई घर की आलमारी में लॉक कर लिया था। पुलिस ने आलमारी तोड़कर आरोपी को बाहर निकाला। आरोपी कमल बसंल निवासी भिलाई ने रायगढ़ इस्पात से 62 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी। आरोपी रायगढ़ इस्पात से माल खरीदने के बाद थर्ड पार्टी को बेच देता था। आरोपी खुद पैसे लेकर रायगढ़ इस्पात से लगातार ठगी कर रहा था। कंपनी ने पैसे नहीं मिलने पर पूंजीपथरा थाने में सितंबर माह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के बाद पुलिस आरोपी की खोजबीन में तीन महीने से जुटी थी। मंगलवार को भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह था पूरा मामला
रायगढ़ इस्पात के डायरेक्टर कमल किशोर अग्रवाल और भिलाई के कंपनी मेसर्स पावर पैक स्टील इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर कमल बंसल के बीच 2018 से लेन-देन चल रहा। भिलाई का कमल बंसल माल खरीदने के बाद कुछ दिनों में पैमेंट कर देता था। अंतिम बार कमल बंसल ने 67 लाख 12 हजार रुपए का माल उधार में लिया, जब रायगढ़ इस्पात के डायरेक्टर ने पैसे मांगे तो टाल-मटोल करने लगा। आरोपी ने 10 चेक दिए थे, जिसमें से 5 लाख 33 हजार रुपए कंपनी को मिले। शेष राशि के लिए कंपनी लगातार दबाव बनाती रही, पर पैसे नहीं मिले।
साभार: दैनिक भास्कर

