हंगामे के बीच परसाही बाना पंचायत भवन में सरपंच ने किया पदभार ग्रहण
अकलतरा. 140 दिनों से ग्राम पंचायत से लापता सरपंच गोमती बाई कंवर निजी गनमैन, थाना अकलतरा के एएसआई बीएस धृतलहरे एवं आरक्षक जीपी पाटले के साथ चार्ज लेने के लिए पंचायत भवन पहुंची। पंचों व ग्रामीणों ने लापता सरपंच के अचानक आगमन पर हंगामा करते हुए उनके लापता होने पर सवाल किया। पंचों द्वारा हंगामा करने पर सरपंच ने बताया कि वे 4 महीने से बिलासपुर में थी और उसने दूसरे युवक से विवाह कर लिया है। सरपंच द्वारा उपसरपंच एवं सचिव से पदभार ग्रहण करने के दौरान ग्रामीणों एवं पंचों ने जब हंगामा मचाना शुरू किया तो मौके पर उपस्थित एएसआई एवं आरक्षक ने ग्रामीणों को शांत कराया। ग्राम पंचायत परसाही बाना की सरपंच गोमती बाई कंवर 15 जुलाई को एकाएक गायब हो गई थी। सरपंच के ससुरालवालों द्वारा थाना में सरपंच के लापता की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 15 दिनों पूर्व गोमती बाई कंवर एकाएक एसडीएम कार्यालय पहुंची और पद भार ग्रहण करने के लिए आवेदन दिया । एसडीएम द्वारा जनपद पंचायत सीईओ को पदभार ग्रहण करने के लिए आदेश जारी करने पर सीईओ ने पंचायत सचिव को पत्र लिख, लेकिन गोमती बाई कंवर के ग्राम पंचायत में उपस्थित नहीं होने से पदभार नहीं दिया। 1 दिसंबर को गोमती बाई कंवर एसडीएम कार्यालय पहुंची। एसडीएम ने उपसरपंच परमेश्वर पटेल एवं पंचायत सचिव सत्यज्योति खाण्डे को पदभार ग्रहण कराने के लिए कहा। उपसरपंच एवं सचिव ने पंचायत में आकर पदभार ग्रहण करने की बात कही। गांव की महिला पंच राजेश्वरी केंवट एवं प्रभादेवी साहू ने बताया कि सरपंच एकाएक पदभार लेने के लिए पहुंची है। इसका विरोध पंचों एवं ग्रामीणों द्वारा किया गया। उपसरपंच परमेश्वर पटेल ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर सरपंच द्वारा लिखित रूप से गांव में ही रहने की सहमति दी है। महिला ने कहा कि दूसरे व्यक्ति द्वारा पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निजी जिंदगी में दखल न दें सरपंच का काम करूंगी
“15 जुलाई से मैं बिलासपुर रहने के लिए चली गई थी। बिलासपुर में दूसरे व्यक्ति के साथ मैंने विवाह कर लिया है। ग्रामीणों द्वारा मेरी निजी जिन्दगी पर दखल दिया जा रहा है, यह गलत है। मेरे द्वारा ग्रापं के सभी कार्यों का संचालन किया जाएगा। एक हफ्ते के अंदर ग्राम पंचायत में किराए का मकान लेकर मैं रहना शुरू कर दूंगी।”
-गोमती बाई कंवर, सरपंच ग्राम पंचायत परसाही बाना
सरपंच ने धमकी दी है, सीईओ को दी जानकारी: सचिव
“सरपंच को उपसरपंच एवं पंचों की उपस्थिति में पदभार ग्रहण कराया है। सरपंच ने मेरी शिकायत करते हुए स्थानान्तरण की मांग की गई है। मैं निष्पक्ष रूप से पंचायत के कार्यों का संचालन किया है। पदभार ग्रहण के दौरान उपसरपंच, पंच एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में भी देख लेने की धमकी दी है। मैने जपं सीईओ से शिकायत करूंगा।”
-सत्यज्योति खाण्डे, सचिव ग्राम पंचायत परसाही बाना
साभार: दैनिक भास्कर

