बिलासपुर. छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने OLX पर सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार किया है।
सिटी कोतवाली, सरकंडा और साइबर सेल की भरतपुर में संयुक्त कार्रवाई
2 आरोपी पकड़े गए, एक फरार, मोबाइल, बैंक खाते, ATM कार्ड, कैश जब्त
छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन साइबर 2020’ जारी है। पुलिस ने OLX पर सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर सेल की मदद से सिटी कोतवाली और सरकंडा थाना पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर राजस्थान के भरतपुर से दो बदमाशों को धर दबोचा। हालांकि एक बचकर भागने में सफल रहा।
11 दिनों तक रैकी कर बदमाशों तक पहुंची पुलिस
साइबर सेल की मदद से आरोपियों का राजस्थान के भरतपुर में होने का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस 11 दिनों तक स्थानीय वेशभूषा में रैकी करती रही। भरतपुर पुलिस की मदद से सकरी, भरतपुर निवासी जाकर व कसाबनगर निवासी रुखमीन को गिरफ्तार कर लिया। जबकि कामा निवासी मोहम्मद जाबिर भाग निकला। आरोपियों से मोबाइल, बैंक खाता बुक, ATM कार्ड, नगदी रकम बरामद हुई है।
पलंग व एक्टिवा बेचने का झांसा दे दो लोगों से ठगे थे एक लाख रुपए से ज्यादा
शातिर बदमाशों ने दो लोगों को पलंग और एक्टिवा बेचने का झांसा देकर एक लाख रुपए से ज्यादा की ठगी की थी। सिटी कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने पलंग का OLX पर विज्ञापन देखकर कॉल किया था। बदमाशों ने उनसे 55 हजार रुपए ठग लिए। इसी तरह सरकंडा क्षेत्र के एक बुजुर्ग को एक्टिवा बेचने का झांसा देकर पेटीएम के जरिए किश्तों में ट्रांसपोर्ट व अन्य एलाउंस के नाम पर 45990 रुपए ट्रांसफर करा लिए।
OLX और क्विकर में सामान खरीदते समय ध्यान रखें ये बातें
पुलिस का कहना है कि शातिर बदमाश आर्मी जवान, अर्धसैनिक बल, पुलिस के जवान बनकर सस्ते में कार, बाइक, मोबाइल और अन्य सामान बेचने का लालच देते हैं। आर्मी जवान की फोटो और सस्ता बिकता सामान देख लालच में आकर लोग ठगी का शिकार हो जाते हैं। इससे बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है।
वाहन, मोबाइल और अन्य सामान पसंद आने पर तत्काल भुगतान न करें। एडवांस रकम के नाम पर आपसे धोखाधडी हो सकती है।
OLX या क्वीकर आदि पर पुलिस, आर्मी, अर्धसैनिक बल के सुरक्षाकर्मी के पहचान पत्र के नाम पर ठगी की जा रही है तत्काल विश्वास न करें।
पुलिस, आर्मी, अर्धसैनिक बल के सुरक्षाकर्मी के फोटो का भी उपयोग वॉट्सऐप नंबर में ठग कर रहे हैं। ऐसे में उनके नंबर की भी जांच करने के बाद विडियो काल व सामने देखने के बाद ही सामान खरीदें।
साइट पर खरीदी या बिक्री के लिए पोस्ट की गई वाहन, मोबाइल व अन्य सामान की केवल फोटो को देखकर सौदा न करें, सामान को जांच परख कर ही लेनदेन करें।
बेचते या खरीदते समय किसी भुगतान के लिए किसी लिंक पर क्लिक, ऑनलाइन पेमेंट न करें। ( एक रुपए, 10 रुपए भुगतान के नाम पर लिंक या क्यू.आर कोड भेजकर ठगी हो सकती है।
ऑनलाइन सामान खरीदते समय कैश आन डिलीवरी विकल्प का ही उपयोग करें।
कम कीमत, आकर्षक मूल्य के झांसे में ना आये।
OLX का वास्तविक कस्टमर केयर नम्बर 9999020545 और ई मेल आईडी support@olx.com है।
साभार: दैनिक भास्कर

