समाज कल्याण विभाग ने विकलांगों को किया सम्मानित, समारोह में कलेक्टर भी हुए शामिल
रायगढ़. अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर भीम सिंह शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि दिव्यांगजन बहुत विशेष होते है, शारीरिक कमियों के बावजूद जीवन जीने का उनका जज्बा हमें काफी कुछ सिखाता है। अनेक दिव्यांगजनों ने सफलता की राह में अपनी तकलीफों को आड़े आने नहीं दिया और जीवन के सभी क्षेत्रों में ऊंचा मुकाम हासिल किया है। उन्हें आवश्यकता होती है हमारे सहयोग की जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़े। कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों को जिले में भी क्रियान्वित करेंगे। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा। जिसमें समाज कल्याण विभाग के साथ अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ दिव्यांगजन ले सकें।
उन्होंने पूरे जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर दिव्यांगजनों के लिए कैंप आयोजित कर उन्हें सहायक उपकरणों व उपचार व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिव्यांगजनों का चिन्हांकन करने के निर्देशित किए। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए कार्यरत स्वैच्छिक संस्थाओं में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को भी योजना में शामिल करने के लिए कहा।
जेएसपीएल फाउंडेशन ने निभाई सहभागिता
समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में जेएसपीएल फाउंडेशन ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। जागरूकता शिविर के दौरान सक्षमता के साथ समाज में अपनी सेवाएं दे रहे दिव्यांग कर्मियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर भीम सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान इस सत्र में दिब्यांगजनों के लिए सेवाओं का विस्तार बाधित हुआ है।
जिसे आगामी वर्ष के प्रथम माह में ही शिविरों का आयोजन कर उन्हें मिलने वाली सारी सुविधाएं शीघ्र मुहैया कराई जाएगी। जेएसपीएल के सीएसआर विभाग के उप महाप्रबंधक सिसिर तरफदार ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित संस्थान आशा द होप द्वारा अंचल में दी जा रही सभी सुविधाओं की जानकारी दी।
दिव्यांगों को मिली प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम में कलेक्टर सिंह ने दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत जगत बेहरा धरमजयगढ़, विकास कुर्रे सारंगढ़ तथा विजेन्द्र कुमार सारंगढ़ को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी। 5 दिव्यांग बच्चों को यूडीआईडी कार्ड प्रदान किया जिसमें राधिका सिदार ग्राम बरलिया दनौ, लक्ष्मण लाल बंजारे पंडरीपानी पूर्व, एवं संबलपुरी के गौरी राठिया, जयप्रकाश, अनिल राठिया शामिल हैं। कलेक्टर ने इस मौके पर दिव्यांगों के लिए कार्य करने वाले बच्चों तथा व्यक्तियों को भी सम्मानित किया।
साभार: दैनिक भास्कर


