सक्ती. 5 साल की लीज पर जमीन लेकर फसल लगाने वाले नगर के व्यापारी पर भूमि स्वामी ने अपने परिवार के साथ मिलकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया तथा लाठी से जमकर पीटा। घटना में व्यापारी तथा अन्य दो घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए सक्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। तीन आरोपी पुलिस हिरासत में लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना बाराद्वार थाने के बेल्हाडीह की है। नगर के विनोद कुमार अग्रवाल ने बेल्हाडीह के भागीरथी कुर्रे की जमीन को 5 साल की लीज पर लेकर फसल लगाया था। पैसे के लेनदेन को लेकर भूमि स्वामी भागीरथी कुर्रे तथा फसल लगाने वाले विनोद कुमार के बीच कुछ समय पूर्व विवाद हुआ था। समय से पहले भूमि मालिक ने फसल लगाने वाले विनोद कुमार को बेदखल कर दिया। घटना में घायल विनोद कुमार अग्रवाल ने बताया कि पांच साल के लिए दोनों के बीच एग्रीमेंट हुआ था, लेकिन खेत मालिक कांट्रैक्ट को खत्म कर जबरन जमीन पर कब्जा कर रहा था। इसकी शिकायत उसने एसडीएम को की थी। शिकायत की जांच करने के लिए पटवारी ने उसे शुक्रवार को गांव बुलाया था। पटवारी के बुलाने पर वे गांव पहुंचे थे। विवादित जमीन के पास जमीन मालिक भागीरथी कुर्रे, उसकी पत्नी गीता कुर्रे तथा बेटे कैलाश कुर्रे भी थे। इन तीनों ने अपने पास चाकू भी रखा था। अभी जांच शुरू भी नहीं हो पाई थी,कि आवेश में आकर भागीरथी कुर्रे, उसकी पत्नी गीता कुर्रे तथा उसके बेटे कैलाश कुर्रे ने विनोद पर चाकू तथा लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोग सहदेव और उषा भी घायल हो गए।
साभार: दैनिक भास्कर

