रायगढ़. आवंटन रहते हुए भी सारंगढ़ के शिक्षाकर्मियों को पिछले 2 महीने से वेतन नहीं मिला है। जिला पंचायत द्वारा जनपद पंचायत को पर्याप्त आवंटन दे दिया है, फिर भी शिक्षकों को अक्टूबर और नवंबर के वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। शासन के निर्देशानुसार 1 नवंबर 2020 से इन सभी का संविलियन शिक्षा विभाग में हो चुका है। मगर एक महीने के बाद भी एलपीसी जारी नहीं हुआ है । वेतन को लेकर उदासीनता का मामला जनपद पंचायत सारंगढ़ का है, जहां के वर्ग 2 एवं 3 के करीब 38 शिक्षाकर्मियों को अक्टूबर और नवंबर का वेतन नहीं मिला है। जबकि वेतन भुगतान करने के लिए जिला पंचायत ने जनपद पंचायत सारंगढ़ को पर्याप्त आवंटन दे दिया है । वेतन नहीं मिलने से शिक्षाकर्मियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 1 नवंबर से सभी शिक्षाकर्मी का संविलियन शिक्षा विभाग में हो चुका हैं, लेकिन उससे पहले अक्टूबर का और अभी नवंबर का भुगतान अब तक नहीं मिला है ।अधिकारियों की मानें तो भुगतान हेतु आवंटन शिक्षाकर्मी वर्ग 1 के हेड में प्रदान किया गया है, मार्गदर्शन के बाद वेतन भुगतान होगा। सितंबर में वर्ग 1 के हेड से ही वेतन प्रदान किया गया था, जो इस बार रोक दिया है । शिक्षा विभाग में संविलियन होने के बाद इन शिक्षाकर्मियों का अंतिम वेतन प्रमाण पत्र(एलपीसी) , जनपद पंचायत द्वारा उनके संबंधित डी डी ओ को भेजा जाता है । जिसके अनुसार ही आगे का वेतन नियमानुसार भुगतान किया जाता है, लेकिन इन शिक्षाकर्मियों का एलपीसी अब तक जनपद पंचायत सारंगढ़ द्वारा जारी नहीं की है।
जिला पंचायत से मार्गदशर्न मिलते ही वेतन करेंगे जारी
“इन सभी शिक्षाकर्मियों का वेतन वर्ग 1 के हेड में आया था, जिला पंचायत को मार्गदर्शन के लिए लिखा है। मार्गदर्शन मिलते ही वेतन जारी कर देंगे । एलपीसी भी जल्द भेज दिया जाएगा ।”
-अभिषेक बनर्जी, सीईओ, जनपद पंचायत सारंगढ़
साभार: दैनिक भास्कर

