फ्री शराब का लालच कर्मचारी को पड़ा महंगा
जशपुर. पीडब्ल्यूडी कर्मचारी को अंजान युवक को अपनी स्कूटी में लिफ्ट देकर फ्री में शराब पीने का लालच मंहगा पड़ गया। शराब लेने एक घर में जाने के बाद अज्ञात युवक उसके स्कूटी को ही लेकर फरार हो गया। पुलिस ने कर्मचारी की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कांसाबेल पीडब्ल्यूडी का कर्मचारी पीटर खाखा रोज की तरह अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 14 एमएम 5542 में शुक्रवार को कांसाबेल अपने कार्यालय पहुंचा। शाम को काम खत्म करने के बाद अकेले ढेंगुरजोर सड़क पर निकल गया। इस दौरान सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति मिला और लिफ्ट मांगने लगा। उसे लिफ्ट देने के बाद कुछ दूर जाकर उसे चलाने दे दिया। अज्ञात व्यक्ति ने कुछ दूर जाकर कहा चलो तुम्हे शराब पिलाता हूं। शराब लेने दोनों सरईपानी पहुंचे। पीटर एक घर में शराब ढूंढ़ने के लिए गया। बाहर निकला तो अज्ञात व्यक्ति स्कूटी लेकर फरार हो गया है। पीटर खाखा की शिकायत पर बगीचा पुलिस ने अपराध दर्ज कर अज्ञात व्यक्ति की पतासाजी शुरू कर दी है।
साभार: दैनिक भास्कर

