रायगढ़. कोरोना के मरीजों की संख्या में भले ही कमी आ गई है लेकिन शहर में स्थिति एक बार फिर बिगड़ रही है। जिले में सोमवार को 109 कोरोना संक्रमित मिले उनमें 60 से अधिक शहर से ही हैं। रविवार को मिले संक्रमितों में रामपुर स्थित वृद्धाश्रम से 10 से अधिक मरीज मिले थे। सारंगढ़ की एक महिला की मौत भी हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक वार्ड नंबर 22 चक्रधर नगर इलाके में एक ही घर के पांच सदस्य संक्रमित पाए गए हैं।सालर में पांच मरीजों के साथ ही सारंगढ़ में कुल 16 लोग संक्रमित हुए हैं। लैलूंगा में 9 और खरसिया में 11 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शहर में चक्रधरनगर, जिंदल गढ़, कोतरा रोड, चैतन्य नगर, ढिमरापुर, केलो विहार समेत कई इलाकों में मरीज पाए गए हैं। सोमवार को 2476 लोगों की जांच की गई। एम्स रायपुर में कोरोना से सारंगढ़ की 41 साल की महिला की जान गई । कोरोना के साथ उन्हें डायबिटीज थी । अस्पतालों से 40 और होम आइसोलेशन से 49 मिलाकर 89 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं । जिले में अभी 1136 एक्टिव मरीजों का इलाज जारी है । कुल 19 हजार 825 कोरोना मरीज मिले हैं।
साभार: दैनिक भास्कर

