जशपुर. धान खरीदी में किसी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर खरीदी केंद्राें में काम कर रहे कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नौकरी जा सकती है और समिति प्रबंधक को जेल की हवा खानी पड़ सकती है। जिले के खरीदी केन्द्रों में गड़बड़ी रोकने के लिए कलेक्टर ने सभी एसडीएम व खाद्य अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्टर महादेव कावरे ने मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से धान खरीदी के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी एसडीएम खाद्य अधिकारी, समिति प्रबंधकों को किसानों से धान खरीदी करते समय विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए है। साथ ही लघु एवं छोटे किसानों से प्राथमिकता से धान खरीदी करने के लिए कहा है। कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी व सोसायटी प्रबंधकों को हिदायत देते हुए कहा कि धान खरीदी करते समय लापरवाही नहीं चलेगी। गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। धान खरीदी केंद्रों में कम्प्यूटर ऑपरेटर गड़बड़ी करते हैं तो उन्हें हटाने की कार्रवाई करने के लिए कहा है और सोसायटी प्रबंधक गड़बड़ी करते पाए जाते है तो एफआईआर करवाने के कलेक्टर ने निर्देश दिए है।
बाॅर्डर से लगे केंद्राें में विशेष निगरानी
अधिकारियों को संवेदनशील व अति संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों की भी निगरानी रखने कहा है ताकि अवैध धान का परिवहन जिले में न हो सके। अवैध धान परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने वारदाने के उठाव की समीक्षा की। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि उचित मूल्य दुकानों से 8 लाख 62 हजार 17 वारदाने का उठाव कर लिया गया है। चबूतरे निर्माण के लिए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
साभार: दैनिक भास्कर

