अकलतरा. नगर के मिनीमाता चौक पर खण्डेलिया हैरिटेज के सामने कोयला से लदे ट्रेलर पर गुरुवार देर रात 11 बजे आग लग गई। ट्रेलर के डाले में आग लपटे उठता देख लोगों में अफरा तफरी मच गई। मौके पर मौजूद एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार सिंह ने इसकी सूचना पुलिस विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग बुझाने के लिए केएसके महानदी पावर कंपनी लिमिटेड नरियरा व नगर सेना जांजगीर की फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। घटना स्थल के ठीक ऊपर इलेवन केवी बिजली हाइटेंशन तार होने के कारण विभाग को कॉल कर सप्लाई बंद कराई। उसके बाद एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे आग पर काबू पाया गया। घटना में दोनों ट्रकों का केबिन जल गए। हिन्द कोल वाशरी बलौदा से कोयला लेकर दोनों ट्रेलर तिरुपति यार्ड चाम्पा जा रहे थे। मिनीमाता चौक के पास दोनों ट्रेलर को खड़ा करके चालक अपने घर खाना खाने गए थे। रात 11 बजे अचानक सीजी 04 एलवी 8467 के केबिन से धुआं उठने के साथ-साथ आग की लपटें तेज होने लगी, पास ही खड़े ट्रेलर क्र. सीजी 11, 2817 में आग की लपटें पहुंच गई।
साभार: दैनिक भास्कर

