केलो डेम के नजदीक पार्क फेस-2 खुला पर्यटकों के लिए, पहले दिन 500 से अधिक लोग पहुंचे
रायगढ़. केलो पार्क फेस-2 रविवार से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। पहले दिन 500 से अधिक लोग पहुंचे। एडवेंचर गार्डन के रूप में तैयार किए गए पार्क में लोग फोटो शूट कराते रहे। पार्क अब हर रोज पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। शहर के शोर से दूर पहाड़ी और डेम के किनारे एक अच्छी जगह लोगों को परिवार के साथ आउटिंग के लिए आकर्षित करेगी। केलो डेम से लगे इकोलॉजिकल पार्क के बाद पार्क से जुड़ी नदी के हिस्से को फिर से 6 करोड़ 80 लाख रुपए से तैयार किया गया है। चार साल पहले काम की शुरुआत हुई थी। ठेकेदार और अफसरों की लापरवाही के कारण पार्क नहीं खुल पा रहा था। भास्कर ने विभाग के फिजूल खर्ची के बारे में खबर प्रकाशित की। खबर प्रकाशन के बाद रविवार से विभाग ने पार्क-2 को आम लोगों के लिए खोल दिया। रविवार को 500 से अधिक लोग पहुंचे। परिवार के साथ कोई पिकनिक मना रहा था। कोई फोटो शूट कराने में व्यस्त था। लोगों ने पहाड़ और नदियों के बीच बने पार्क का भरपूर लुत्फ उठाया। पार्क के बीच में बने आईलैंड और स्टेचू ने लोगों को खूब आकर्षित किया।
प्री-वेडिंग शूट के लिए यहां आते थे जोड़े
शादी के पहले जोड़े द्वारा किया जाने वाला प्री-वेडिंग शूट के लिए केलो पार्क सबसे बेहतरीन लोकेशन में से एक बन चुकी है। फेस-2 के खुलने से यहां वीडियो शूट के लिए संभावनाएं बढ़ गई है। यहां आने वाले पर्यटकों में ज्यादातर लोग फोटो और वीडियो बनाते रहे।
बारिश में बंद रहेगा पार्क
तकनीकी खामियों के कारण पार्क बनने से पहले ही हर साल यहां पानी के कारण कलाकृतियां बर्बाद हो जाती हैं। यह समस्या हर साल रहने वाली है, इसलिए पार्क बारिश के दिनों कुछ समय के लिए बंद रखा जाएगा। इसके बाद जो भी आर्ट खराब होंगे उसे ठेकेदार ही सुधरवाएगा।
साभार: दैनिक भास्कर

