लोग आवाज सुनकर जगे तथा ग्रामीणों के मदद से हाथियों को खदेड़ा गया
सरिया. सरिया थाना क्षेत्र के नावाडीह पंचायत के सरक्की व सबलपुर पंचायत के पोटमा में शनिवार की रात दो हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। झुंड से बिछड़े दोनों हाथियों ने रात 12 बजे के करीब सरक्की नावाडीह गांव पहुंचा जहां कुलदीप साव के आलू लगे खेत की दीवार को तोड़कर फसलों को रौंद दिया। इसके बाद कुलदीप साव के एक घर की दीवार तोड़कर उसमें रखे लगभग दो क्विंटल चावल खा गए। उनके घर के गेट को भी नुकसान पहुंचाया। लोग आवाज सुनकर जगे तथा ग्रामीणों के मदद से हाथियों को खदेड़ा गया।
इसके बाद ये दोनों हाथी सबलपुर पंचायत के पोटमा गांव पहुंच गए। वहां संजय वर्मा, सरजू महतो, तिलक महतो, बुधन महतो, शंकर महतो समेत अन्य किसानों के लगभग पांच एकड़ में लगे आलू, गेहूं, गन्ना, केला, गाजर, मूली आदि फसलों को नुकसान पहुंचाया। रातभर जगकर ग्रामीण मशाल जलाकर व टीना बजाकर हाथियों को भगाने में जुटे रहे। हालांकि अभी भी हाथी नजदीक के जंगल में डेरा डाले हुए है। इससे लोगो में दहशत का माहौल है। मामले की सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन विभाग के अधिकारी रविवार सुबह पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। लोगों ने नुकसान की भरपाई के लिए वन विभाग को आवेदन देकर उचित मुआवजा की मांग की है।
साभार: दैनिक भास्कर

